Thursday , April 10 2025

रूद्राभिषेक कर योगी ने की विश्व कल्याण की कामना

गोरखपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां शिवावतारी बाबा गोरखनाथ मंदिर में विधि विधान से देवाधिदेव महादेव का स्द्राभिषेक कर विश्व-कल्याण की कामना की।
अपने चुनावी दौरे के तीसरे दिन मंगलवार को योगी ने गोरखनाथ मंदिर में विधि.विधान से रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की अराधना की। महाशिवरात्रि के दिन होने वाले अनुष्ठान का संकल्प विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय और विश्व शांति के लिए रहा।
मंदिर स्थित अपने आवास के शक्तिपीठ में एक घंटे तक चले अनुष्ठान में मुख्यमंत्री ने पके हुए आम के रस, 11 लीटर दूध,जल,दही,घी,शक्कर,शहद,गंगा जल और गन्ने के रस से महादेव भगवान शिव का अभिषेक किया। उन्हें बेलपत्र ,सफेद कमल,लाल कमल,कनेर,शमी पत्र,दूब,भांग और श्रीफल भी चढ़ाया।
रुद्राभिषेक की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा.अर्चना से हुई। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव और द्वादश ज्योतिर्लिंग का विधि.विधान से षोडशोपचार पूजन किया। आखिरी में शुरू हुआ रुद्राभिषेक जब वेदमंत्रों की उच्चारण से मंदिर परिसर गूंज उठा। रुद्राभिषेक को मंदिर के प्रधान पुरोहित रामानुज त्रिपाठी वैदिक के नेतृत्व में 11 वेदपाठी आचार्यों ने सम्पन्न कराया गया।
रुद्राभिषेक के बाद प्रधान पुरोहित वैदिक ने बताया कि रुद्र का तात्पर्य ही दुखों का शमन करने वाला होता है। ऐसे में मुख्यंमत्री का यह रुद्राभिषेक समूचे प्रदेश की जनता के दुख का शमन करेगा। भाजपा के विजय के संकल्प को पूरा करने वाला सिद्ध होगा।
इसी क्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मंडल तथा बस्ती मंडल में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आज सभी शिवालयों में बडी संख्या में श्रद्धालु भोले बाबा का जलाभिषेक कर मंगल कामना किया और शिववालय में हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
महाशिवरात्रि को देखते हुए श्रध्दालूओं की सुरक्षा के लिए पुलिस के कडे इंतजाम किये गये थे। कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com