Thursday , April 10 2025

यूपी के कुशीनगर में कुंए में गिरने से 11 बच्चियों समेत 13 की मौत, घर में चल रही शादी की तैयारियां बदली मातम में

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार रात दिल दलहाने वाला हादसा हुआ है। यहां हल्दी रस्म के दौरान करीब 35 लड़कियां-महिलाएं कुएं में गिर गईं। इनमें से 11 बच्चियों समेत 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हल्दी रस्म के दौरान सभी कुएं की जाली पर बैठकर पूजा कर रही थीं तभी जाली टूट गई और सभी उसमें गिर गए।


चीख-पुकार सुनकर परिजनों और आस-पास के लोगों ने हादसे के शिकार लोगों को बाहर निकालना शुरू कियाञ स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया है। डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। डूबने से सभी की मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतक बच्चियों की उम्र 5 से 15 साल है। कुएं में अभी और लोगों के फंसे होने की सूचना है। हादसे की सूचना पर जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची है। राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है।

मातम में बदली खुशियां


पूरा मामला नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का है। नौरंगिया स्कूल टोला के रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के यहां बुधवार को शादी समारोह के तहत हल्दी रस्म का कार्यक्रम था। रात 10 बजे के आसपास 50-60 महिलाएं और लड़कियां गांव के बीच में बने पुराने कुएं के पास खड़ी थीं। कुएं को लोहे की जाली से ढका गया था। कई लोग कुएं की जाली पर भी चढ़ गए थे। तभी लोहे की जाली टूट गई। कुएं के पास खड़ीं करीब 35 महिलाएं और लड़कियां एक साथ कुएं में गिर गईं और पानी में डूबने लगीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक


लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। राहत बचाव का काम तेज किया गया। 11 बच्चियों और 2 महिलाओं को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इससे पहले उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com